उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) की शीतकालीन परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक है। बैक परीक्षा देने और अपने अंकों में सुधार करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को 5 नवंबर तक आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा संबंधी आवेदन प्रक्रिया अक्तूबर से शुरू कर दी गई है।

रुद्रपुर के भगत सिंह पीजी कॉलेज स्थित यूओयू केंद्र ने इस संबंध में सूचना जारी की है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट के अनुसार, विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर बैक परीक्षा के साथ लिखित, मौखिक और प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त परियोजना कार्य, फील्ड वर्क, लघु शोध और सत्रीय कार्य यानी असाइनमेंट से संबंधित आवेदन भी निर्धारित अवधि में किए जा सकेंगे। इन सभी श्रेणियों में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को अपने पाठ्यक्रम के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
विश्वविद्यालय की ओर से आवेदन के लिए 5 नवंबर अंतिम तिथि तय की गई है। ऐसे में विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है, ताकि अंतिम दिन किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

