
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके अलावा 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
10 जिलों में आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
देहरादून में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाओं के एक-दो दौर आने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सामान्य से अधिक रहा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान देहरादून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में भी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। इस अवधि में इन स्थानों पर कोई महत्वपूर्ण वर्षा रिकॉर्ड नहीं की गई।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।


