ऊधम सिंह नगर जिले के छतरपुर-हल्दी रेलवे ट्रैक पर बुधवार को एक नर हाथी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रही बाघ एक्सप्रेस से हाथी की टक्कर हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही वन विभाग और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

यह घटना छतरपुर-हल्दी रेलवे ट्रैक पर पिलर संख्या 55/8 के पास हुई। हादसे का स्थान तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज के अंतर्गत आता है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी का एक दांत टूटकर घटनास्थल से दूर जा गिरा।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने टूटे हुए दांत को सुरक्षा के मद्देनजर अपने कब्जे में ले लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद हाथी का दांत वन विभाग को सौंपा जाएगा।
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तराई केंद्रीय वन प्रभाग के रुद्रपुर डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
रेलवे ट्रैक पर हाथी की मौत की घटना के बाद संबंधित विभागों की टीमें आवश्यक कार्रवाई में जुट गईं।

