चमोली/गंगटोक: सिक्किम में एनएचपीसी (NHPC) की टनल निर्माण परियोजना के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने उत्तराखंड को गहरा सदमा दिया है। इस हादसे में चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र निवासी युवा इंजीनियर प्रवीन नेगी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

NHPC परियोजना में निभा रहे थे अहम जिम्मेदारी
मूल रूप से गुनियाला गांव, पीपलकोटी (चमोली) के रहने वाले प्रवीन नेगी सिक्किम में NHPC की महत्वाकांक्षी टनल परियोजना में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि परियोजना के दौरान हुए एक हादसे में उन्होंने अपनी जान गंवा दी। हालांकि हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
मेहनत के दम पर बनाई थी अलग पहचान
प्रवीन नेगी ने इंजीनियरिंग की शिक्षा पूरी करने के बाद अपने करियर की शुरुआत एचसीसी (HCC) की मायापुर–पीपलकोटी परियोजना से की थी। इसके बाद उन्होंने रेलवे और कई बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में अपनी तकनीकी सेवाएं दीं। अपने शांत स्वभाव, ईमानदारी और कार्य के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने कम समय में एक कुशल और भरोसेमंद इंजीनियर के रूप में पहचान बनाई थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रवीन नेगी के निधन की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, परिवार और रिश्तेदारों में मातम छा गया। परिजन गहरे सदमे में हैं, जबकि गांव के लोग इस घटना को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बता रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रवीन न केवल एक प्रतिभाशाली इंजीनियर थे, बल्कि व्यवहार से भी बेहद सरल और मिलनसार व्यक्ति थे।
श्रद्धांजलि देने वालों का लगा तांता
युवा इंजीनियर के निधन पर सामाजिक संगठनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
प्रवीन नेगी का असमय निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे चमोली जिले के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके जाने से उत्तराखंड ने एक होनहार और प्रतिभाशाली युवा इंजीनियर खो दिया है।
