DSAT Scholarship Ad
c784faf6 0985 4a8a b671 c361bdedd0a2c784faf6 0985 4a8a b671 c361bdedd0a2

हरिद्वार: उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन और भारी बर्फबारी के बाद लापता ट्रेकर्स की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे में अब तक चार ट्रेकर्स के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि पांच लोग अभी भी लापता हैं। बरामद शवों में लखनऊ की दो सगी बहनें दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा भी शामिल हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के पांच युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पश्चिम बंगाल के पांच युवक छह दिन से लापता
लापता ट्रेकर्स में पश्चिम बंगाल के बाकुड़ा जिले के साल्बनी गांव निवासी तपस बाउरी (30), रतन घोष (23), रिंटु मंडल (40) और उदय घोष (30) शामिल हैं। इनके साथ केशरा गांव निवासी मनोज खोवास (39) भी ट्रैकिंग पर गया था। हादसे के बाद से पांचों का पता नहीं चल पाया है।

परिजनों के मुताबिक, सभी युवक पहले भी एक साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में चार बार ट्रैकिंग कर चुके थे। रिंटु मंडल एक फैक्टरी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनके साथ गए तीन अन्य युवक भी उसी फैक्टरी में काम करते थे। सभी छुट्टी लेकर केदारताल ट्रैक पर पहुंचे थे।

रिंटु मंडल के भांजे सुब्रतो मंडल ने बताया कि उनके मामा और उनके दोस्त पहले भी कई बार एक साथ ट्रैकिंग कर चुके थे। हादसे के बाद से परिवार के लोग अपनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
लखनऊ की दो सगी बहनों की मौत
केदारताल हादसे में लखनऊ निवासी दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा की भी जान चली गई। दोनों बहनों को लंबे समय से ट्रैकिंग का शौक था। बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले ही उन्होंने चमोली जिले की फूलों की घाटी का ट्रैक पूरा किया था।

दोनों की तलाश में उत्तराखंड पहुंचे उनके भाई अतुल वर्मा ने शवों की पहचान की। इसके बाद उन्होंने परिवार को इस दुखद घटना की जानकारी दी। दो बहनों की एक साथ मौत से परिवार में शोक की लहर है।
चार शव बरामद, दो की पहचान बाकी
लापता ट्रेकर्स की तलाश में एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की टीमें जुटी हुई हैं। अब तक चार शव बरामद किए गए हैं। इनमें दीपिका और वर्तिका वर्मा की पहचान हो चुकी है, जबकि दो पुरुष ट्रेकर्स के शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

जिला प्रशासन के अनुसार, केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के समीप हिमस्खलन और बर्फबारी के कारण ट्रेकर्स फंस गए थे। बुधवार दोपहर बाद मौसम फिर खराब होने और बर्फबारी शुरू होने के चलते रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। मौसम अनुकूल होने पर गुरुवार को लापता ट्रेकर्स की तलाश दोबारा शुरू करने की बात कही गई है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि लखनऊ निवासी दोनों मृतक महिलाओं की पहचान उनके भाई अतुल वर्मा ने की है। वहीं, बरामद अन्य दो शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल रेस्क्यू टीमें लापता पांचों ट्रेकर्स की तलाश में जुटी हैं। दूसरी ओर, उनके परिजन लगातार सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

c784faf6 0985 4a8a b671 c361bdedd0a2


By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *