देहरादून: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के शौर्य स्थल, चीड़बाग (गढ़ीकैंट) में आयोजित ‘Run for Kargil Heroes’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

कारगिल विजय दिवस शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक: CM धामी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, पराक्रम, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अमिट प्रतीक है। वर्ष 1999 में भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम पहाड़ियों और विपरीत परिस्थितियों में दुश्मनों को परास्त कर देश की सीमाओं की रक्षा की और पूरी दुनिया के सामने भारतीय सेना की ताकत और शौर्य का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि देश हमेशा अपने वीर सैनिकों और शहीदों के त्याग और बलिदान का ऋणी रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियां भी उनके साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेती रहेंगी।
उत्तराखंड के वीरों पर पूरे देश को गर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को ‘वीरों की धरती’ के रूप में जाना जाता है। राज्य के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अदम्य साहस का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, कल्याण और हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी एवं राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। pic.twitter.com/XxfeofqhEv
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 25, 2026
युवाओं से देश सेवा का आह्वान
सीएम धामी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे शहीदों के आदर्शों और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को मजबूत बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है और युवा इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं।
देशभक्ति के रंग में रंगी ‘Run for Kargil Heroes’ मैराथन
कारगिल विजय दिवस पर आयोजित ‘Run for Kargil Heroes’ मैराथन में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और प्रतिभागियों ने शहीदों के सम्मान में दौड़ लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, पूर्व सैनिक, सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
