हल्द्वानी:
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र की रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती ने बुधवार रात कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के बाद चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की सतर्कता से युवती की जान बच गई। उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

भाई से कहासुनी के बाद घर से निकली
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा निवासी एक परिवार हाल ही में बनभूलपुरा के इंदिरानगर छोटी रोड क्षेत्र में किराये के मकान में रहने आया था। परिवार करीब पांच दिन पहले ही यहां शिफ्ट हुआ था।
बताया गया कि बुधवार शाम युवती घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी अपने भाई से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह गुस्से में घर से निकल गई। परिजनों ने इसे सामान्य पारिवारिक विवाद समझकर गंभीरता से नहीं लिया।
स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता
रात करीब आठ बजे युवती चोरगलिया रोड स्थित गौला पुल पहुंची और वहां से नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और नदी की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बनभूलपुरा कोतवाली से एसआई गगनदीप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार भाई-बहन के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवती ने यह कदम उठाया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक तनाव या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो अकेले न रहें। परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत बात करें। समय पर सहायता मिलना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।
