DSAT Scholarship Ad

नैनीताल: हरेला पर्व के अवसर पर नैनीताल जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि हरेला पर्व केवल उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक नहीं है, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। इसी उद्देश्य से जिले में हरेला पर्व के अवसर पर एक ही दिन में 1.15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

विश्व पर्यावरण दिवस से जारी है अभियान

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में वृक्षारोपण अभियान 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) से लगातार चलाया जा रहा है। यह विशेष अभियान 15 सितंबर तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

कलेक्ट्रेट परिसर में बनेगी ग्रीन पार्किंग

हरेला अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर के पार्किंग क्षेत्र में भी पौधारोपण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधों के विकसित होने के बाद यह क्षेत्र ग्रीन पार्किंग के रूप में विकसित होगा, जिससे परिसर का वातावरण अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनेगा।

जलवायु परिवर्तन से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम है पौधारोपण

डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक स्तर पर गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे समय में वृक्षारोपण और हरित क्षेत्रों का विस्तार पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि हरेला पर्व पर केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लें, ताकि वह भविष्य में पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

प्रदेशभर में चल रहा है व्यापक अभियान

जिलाधिकारी ने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर पूरे उत्तराखंड में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री, राज्यपाल, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इस अभियान में भाग ले रहे हैं। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *