देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केन्द्रीयित) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक (Tax and Revenue Inspector) के 29 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

4 अगस्त तक भर सकेंगे आवेदन
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 4 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसी तिथि तक आवेदन शुल्क जमा करने की भी सुविधा उपलब्ध रहेगी।
वहीं, आवेदन पत्र भरने के दौरान यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो जाती है, तो उम्मीदवारों को 12 अगस्त से 21 अगस्त के बीच ऑनलाइन संशोधन (Correction Window) का अवसर दिया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता और पात्रता
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
इसके अलावा, आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी का नाम उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय (Employment Exchange) में पंजीकृत होना भी आवश्यक होगा।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
उम्मीदवार उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले आयोग द्वारा जारी विस्तृत विज्ञापन को ध्यानपूर्वक पढ़ना आवश्यक है, ताकि पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, आवेदन शुल्क और अन्य महत्वपूर्ण शर्तों की पूरी जानकारी प्राप्त हो सके।
आयोग ने अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।
