देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, परीक्षाओं के निरस्तीकरण, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि युवाओं और छात्रों से जुड़े इन गंभीर विषयों को प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक समन्वय एवं संचालन समिति का गठन किया है। समिति में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की सदस्य इशिता को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मीमांशा, डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव अभिमन्यु तथा वरुण बालियान को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal ने समिति के सदस्यों से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

कांग्रेस ने अभियान के तहत जिला, महानगर और ब्लॉक मुख्यालयों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। साथ ही सभी जिला और महानगर कांग्रेस अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रेस वार्ताएं आयोजित कर अभियान के उद्देश्यों को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

पार्टी ने राहुल गांधी द्वारा कोटा रैली में छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर दिए गए संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की भी रणनीति बनाई है। कांग्रेस का कहना है कि स्थानीय भाषाओं में प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि पेपर लीक की घटनाएं, भर्ती प्रक्रियाओं में विलंब, परीक्षाओं का निरस्तीकरण और बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाएगी और जनता के बीच शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की चुनौतियों को प्रमुखता से उठाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश और देश के युवाओं की समस्याओं को जनता के सामने प्रभावी ढंग से रखने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *