रुद्रपुर: दिवाली के दिन 46वीं वाहिनी पीएसी में तैनात एक प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। रविवार सुबह पीएसी परिसर में 25 वर्षीय विष्णु कुमार का शव मिलने से महकमे में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने जवान के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान होने का दावा किया है, जिसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल जवान की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक विष्णु कुमार के पिता हरीश राम हरिद्वार में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पिछले छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। ट्रेनिंग के चलते वह इस बार दिवाली पर घर नहीं आ सका था। शनिवार देर शाम विष्णु की अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। उस दौरान बातचीत सामान्य थी और उसने किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
पिता ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि रुद्रपुर पहुंचकर बेटे का शव देखने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, पुलिस जवान के साथियों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही जवान की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


