Uttarakhand Weather Update Today: उत्तराखंड में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 20 जुलाई के लिए रेड अलर्ट और 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागाध्यक्षों, विभागीय नोडल अधिकारियों, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।

20 जुलाई को रेड अलर्ट, 21 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका भी जताई गई है। 21 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से होगी संसाधनों की तैनाती
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में मौजूद रहकर मौसम और स्थिति की लगातार निगरानी करें। भूस्खलन और जलभराव संभावित क्षेत्रों में पहले से जेसीबी मशीनें, राहत एवं बचाव उपकरण, आवश्यक मानव संसाधन और अन्य जरूरी संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
आपदा की सूचना तुरंत डीईओसी को देने के निर्देश
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा या अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दी जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और हालात पर लगातार नजर बनाए रखें, ताकि जन-धन के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।
