रुद्रपुर। उत्तराखंड में अपराधियों, गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ, पंजाब पुलिस और उधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने पंजाब के वांछित हथियार और ड्रग्स तस्कर ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तराखंड में छिपकर रह रहा था। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं और उसे एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अहम सदस्य के रूप में देखा जा रहा है।
एसटीएफ और पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने उधम सिंह नगर पुलिस के साथ मिलकर सोमवार तड़के बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की। घेराबंदी कर टीम ने आरोपी ईशानप्रीत सिंह (पुत्र जगजीत सिंह), निवासी थाना छेहर्टा, अमृतसर (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को अमृतसर में बीएसएफ और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर छत से कूदकर फरार हो गया था। तलाशी के दौरान उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इनमें बरेटा, जिगाना और मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार और मादक पदार्थों की सप्लाई प्राप्त करता था, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया था। इसके बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
एसटीएफ को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी बाजपुर में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद एसटीएफ, पंजाब एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ की गई और उसे आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क, सहयोगियों और वित्तीय स्रोतों की जांच में जुटी है।
अधिकारियों ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राज्य में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
