देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय रक्षक संघ के द्विवार्षिक चुनाव सोमवार को सचिवालय में संपन्न हुए। आम सभा की बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी का अगले दो वर्षों के लिए सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं उत्तराखंड सचिवालय रक्षक संघ के संरक्षक और मुख्य चुनाव अधिकारी जीवन सिंह बिष्ट ने चुनाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम सभा की सहमति से सभी पदों पर पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन किया गया।
चुनाव में विनयपाल सिंह को अध्यक्ष, पूनम को उपाध्यक्ष और दिनेश उनियाल को महासचिव चुना गया। वहीं राकेश रयाल और हेमा चंद को संयुक्त सचिव तथा मनोज पंवार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
छह कार्यकारिणी सदस्यों का भी चयन
नई कार्यकारिणी में आशीष कुमार, नीरज कुमार, नीशू, सूचिता, विशाल और रीना नेगी को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने चुनाव के बाद संघ के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने संगठन की एकजुटता को मजबूत करने और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की बात कही।
नई कार्यकारिणी ने संघ की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कर्मचारियों के हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।
