रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया है, जिसने महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।

एसएसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और ईंट बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
निर्माणाधीन मकान के पास मिला था शव
31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर में एक निर्माणाधीन मकान के पास युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार के रूप में की।
शराब पार्टी के बाद वारदात को दिया अंजाम
जांच में पता चला कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर क्षेत्र में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद दो दोस्त वहां से चले गए और अनिल अपने करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का के साथ रह गया।
पुलिस के मुताबिक, सुनील अनिल को बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों ने दोबारा शराब पी, जिसके बाद आरोपी ने पहले लकड़ी की पट्टी और ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनी अहम सबूत
शुरुआत में मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई।
5 हजार रुपये के शक में खत्म कर दी दोस्ती
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चुरा लिए हैं। इसी शक और गुस्से में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
