काशीपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आईटीआई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात टैंकर ने स्कूल जा रहे तीन छात्रों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन सहित फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, दभौरा टांडा गांव के रहने वाले तीनों छात्र बाइक से लोहिया पुल स्थित अपने स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वे हवलदार फार्म के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों छात्र सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सड़क से उठाकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायल छात्रों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद आरोपी चालक टैंकर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही आईटीआई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि फरार टैंकर और उसके चालक की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *