काशीपुर: काशीपुर में लंबे समय से प्रस्तावित हाईवे चौड़ीकरण परियोजना पर आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है। बुधवार को जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस की संयुक्त टीम ने डीडी चौक से गावा चौक तक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान दुकानों के सामने पहले संकेतिक मार्किंग की गई और फिर बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया गया।

करीब 13.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत हाईवे के लगभग एक किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इस कार्रवाई से करीब 56 दुकानें प्रभावित होंगी।
चौड़ीकरण के बाद शुरू होंगे बिजली और पानी के शिफ्टिंग कार्य
अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद जल संस्थान पेयजल पाइपलाइन को शिफ्ट करेगा, जबकि ऊर्जा निगम बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों को दूसरी जगह स्थानांतरित करेगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद सड़क चौड़ीकरण का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
त्योहारों से पहले कार्रवाई पर व्यापारियों की नाराजगी
अभियान शुरू होते ही स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन के फैसले का विरोध जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि त्योहारों के ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई से कारोबार पर सीधा असर पड़ेगा और व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
प्रशासन बोला- तय समय में पूरा होगा प्रोजेक्ट
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हाईवे चौड़ीकरण परियोजना सार्वजनिक सुविधा और यातायात सुधार से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर जाम की समस्या कम होगी और लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
