देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। कुमाऊं मंडल में लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जबकि शुक्रवार शाम देहरादून में हुई तेज बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि, तेज वर्षा के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 18 July 2026

देहरादून में डेढ़ घंटे में 69 मिमी बारिश

शुक्रवार को देहरादून में दिनभर उमस बनी रही। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और करीब 3:30 बजे घने बादलों ने पूरे शहर को ढक लिया। इसके बाद शाम करीब 4 बजे शुरू हुई तेज बारिश लगभग डेढ़ घंटे तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हाथीबड़कला क्षेत्र में 69 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

विभाग ने देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज बौछारों की चेतावनी दी गई है।

सात जिलों में येलो अलर्ट

इसके अलावा रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, उत्तरकाशी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने नदी-नालों और बरसाती गधेरों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने तथा प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

बारिश के मद्देनज़र संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *