देहरादून जिले के मसूरी क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे कार में सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में सवार लोग उत्तरकाशी से लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, दुर्घटनास्थल का दुर्गम भू-भाग और घनी झाड़ियां राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी बाधा बनी रहीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कार ढलान पर तेज गति से अनियंत्रित हो गई और सड़क से फिसलकर सीधे खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की संभावना जताई जा रही है। हादसे से कुछ समय पहले ही कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था।
पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार की है:
- सत्य प्रकाश, निवासी सोनीपत
- मनीत, उम्र 19 वर्ष
- सविता, पत्नी धर्मवीर, निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद (उम्र 48 वर्ष)
- संगीता, पत्नी टीटू, निवासी करोलबाग, दिल्ली (उम्र 46 वर्ष)
पुलिस को सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के जरिए हादसे की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर बचाव कार्य किया। अब तक एक महिला का शव बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य शवों को निकालने का प्रयास जारी है।
घटनास्थल पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।
