हैदराबाद: रणवीर सिंह और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के बीच चल रहा विवाद फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस बीच अभिनेता मनोज बाजपेयी ने इस मुद्दे पर संतुलित प्रतिक्रिया दी है।

अपनी फिल्म गवर्नर के ट्रेलर लॉन्च के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के ज्यादातर लोगों को इस विवाद की जानकारी सिर्फ सोशल मीडिया के जरिए मिल रही है और पूरी सच्चाई अब तक स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित पक्ष बातचीत के जरिए जल्द ही इस विवाद का समाधान निकाल लेंगे।
विवाद की वजह
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 से रणवीर सिंह के अचानक बाहर होने के बाद यह विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले फिल्म छोड़ने से निर्माताओं को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
FWICE के अध्यक्ष अशोक पंडित के अनुसार, संस्था ने अभिनेता को कई नोटिस भेजे, लेकिन शुरुआत में कोई जवाब नहीं मिला। बाद में रणवीर सिंह ने ईमेल के जरिए कहा कि यह मामला अनुबंध से जुड़ा है और FWICE के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।
इस विवाद पर फिल्म निर्माता संजय गुप्ता ने भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि किसी कलाकार पर इस तरह की कार्रवाई का असर फिल्म इंडस्ट्री के कई कामगारों पर पड़ सकता है।
‘गवर्नर’ से बढ़ी उम्मीदें
इसी बीच मनोज बाजपेयी की फिल्म गवर्नर का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
यह फिल्म 1990 के दशक के आर्थिक संकट पर आधारित है, जिसमें मनोज बाजपेयी आरबीआई गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं। यह किरदार पूर्व गवर्नर एस. वेंकिटारमनन से प्रेरित माना जा रहा है।
चिन्मय मंडलेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अमित त्रिवेदी का संगीत और जावेद अख्तर के गीत शामिल हैं।
फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
