हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में नाबालिग की अवैध शादी का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। किशोरी के गर्भवती होने के बाद इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि करीब 14 साल की किशोरी की चोरी-छिपे शादी कर दी गई थी। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर ससुराल पक्ष उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की पुष्टि की।

अस्पताल प्रशासन द्वारा जब किशोरी के दस्तावेजों की जांच की गई, तो उसकी उम्र नाबालिग पाई गई। यह जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें सामने आया कि किशोरी की शादी जबरन और गैरकानूनी तरीके से कराई गई थी। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति समेत ससुराल और मायके पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया है।

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि नाबालिग की शादी किन परिस्थितियों में कराई गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में आगे और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *