किच्छा। किच्छा विधानसभा के नगर मंडल अंतर्गत बूथ संख्या 100 के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष कमल कुमार जिंदल ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया।

बैठक की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष गोल्डी गौरेया ने की। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा जनसंपर्क अभियानों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कमल कुमार जिंदल ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रिय और मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सफलता का आधार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन हित, राष्ट्र प्रथम की भावना और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने के लिए बूथ स्तर पर निरंतर जनसंपर्क और जनसेवा गतिविधियों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक का समापन संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
