बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र में एक हादसा हुआ है। यहां श्रीपालपुर गांव में एक पुराने मकान की दीवार गिरने से सत्संग कर रही

महिलाओं और बच्चों समेत 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों में 20 से 25 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र में एक मकान की दीवार गिरने से 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।

पटना: पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र में एक पुराने मकान की दीवार गिरने से 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा श्रीपालपुर गांव में हुआ, जहां लोग एक सत्संग के लिए इकट्ठा हुए थे। हालांकि पुलिस के अनुसार, 30 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि बारिश के कारण मकान की दीवार गिर गई, जिससे यह हादसा हुआ। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है

20-25 लोगों की हालत गंभीर है 

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब लोग श्रीपालपुर में कॉलेज के पूर्व प्राचार्य रामदयालु सिंह के पुश्तैनी मकान में सत्संग कर रहे थे। तभी अचानक बारिश शुरू हो गई और पुराने मकान की दीवार ढह गई। हादसे में लगभग 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से 20-25 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सत्संग में मौजूद थे लगभग 250 लोग

चश्मदीदों के मुताबिक, सत्संग में करीब 250 लोग मौजूद थे। बारिश के कारण पुरानी दीवार अचानक गिर गई, जिससे भगदड़ मच गई। ज्यादातर महिलाएं और बच्चे इस हादसे का शिकार हुए हैं। करीब 5 दर्जन महिलाओं के घायल होने की खबर है। हादसे के बाद अफरातफरी का माहौल बन गया।

लगभग 30 लोग मामूली रूप से घायल 

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्रा ने बताया, “पुनपुन इलाके में श्रीपालपुर के पास एक दीवार गिरने से कम से कम 30 लोग मामूली रूप से घायल हो गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले गए।

शुरुआती खबरों से पता चलता है कि पीड़ितों को मामूली चोटें आई हैं।” मिश्रा ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 2.15 बजे हुई और उस समय स्थानीय लोग वहां एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

By