बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। इसी क्रम में कपकोट तहसील के रमाड़ी ग्राम पंचायत स्थित मौनधुरा तोक में हुए भारी भूस्खलन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो पिथौरागढ़ जिले के तेजम क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा साझा किया गया है।

बागेश्वर के कपकोट तहसील के रमाड़ी ग्राम पंचायत के मौनधुरा तोक में हुआ भारी भूस्खलन।

भूस्खलन से वनस्पति को नुकसान, जनहानि नहीं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूस्खलन के दौरान बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें पहाड़ी से नीचे की ओर गिरीं। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या भवनों को नुकसान नहीं हुआ, हालांकि बड़ी संख्या में पेड़-पौधे और प्राकृतिक वनस्पति क्षतिग्रस्त हो गई।

लगातार बारिश से बढ़ी चिंता

सामाजिक कार्यकर्ता योगेश नगरकोटी ने बताया कि फिलहाल इस घटना में कोई मानवीय क्षति नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि रमाड़ी क्षेत्र पहले से ही भूस्खलन और भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है।

भूकंप के जोन-5 में आता है क्षेत्र

जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील का अधिकांश हिस्सा भूकंप के जोन-5 में शामिल है, जिसे उच्च भूकंपीय जोखिम वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में लगातार हो रही वर्षा और बढ़ती भूस्खलन की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

प्रशासन से निगरानी बढ़ाने की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, संभावित खतरे वाले स्थानों का निरीक्षण करने और समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की मांग की है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *