परभणी: महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के यशवाड़ी गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सभा मंडप की छत अचानक ढह गई, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

Several kiled as Temple slab collapses in Parbhani Maharashtra rescue operation underway

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। छत गिरने के बाद कई लोग मलबे में दब गए। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। अब तक करीब 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि आशंका जताई जा रही है कि 30 से 40 लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंदिर के सभा मंडप में मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य चल रहा था। नई छत को अस्थायी रूप से सेंटरिंग और बांस के सहारों पर टिकाया गया था। बताया जा रहा है कि ये सहारे कमजोर पड़ गए, जिसके चलते पूरी छत भरभराकर गिर गई।

यह मंदिर क्षेत्र का एक प्रमुख धार्मिक स्थल माना जाता है और हर शनिवार यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हालांकि दोपहर में गर्मी अधिक होने के कारण भीड़ अपेक्षाकृत कम थी। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है क्योंकि बचाव अभियान अभी जारी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *