श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जिले के श्रीनगर गढ़वाल क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। धारी देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे देहरादून निवासी 21 वर्षीय लक्ष्य रस्तोगी की बंजी जंपिंग के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में मौत का संभावित कारण सिंकोप अटैक या कार्डियक स्ट्रोक होने की आशंका जताई है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार देहरादून के शांति विहार कालागढ़ निवासी संजीव रस्तोगी अपने परिवार के साथ 16 जून को धारी देवी मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान मलेथा क्षेत्र के पास उनके पुत्र लक्ष्य रस्तोगी ने बंजी जंपिंग करने की इच्छा जताई। परिजनों की सहमति के बाद लक्ष्य ने अलकनंदा नदी के ऊपर बंजी जंपिंग की।
बताया जा रहा है कि जंपिंग पूरी करने के बाद जब वह वापस ऊपर पहुंचा तो उसने पेट और सीने में तेज दर्द के साथ सांस लेने में परेशानी की शिकायत की। युवक की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे नजदीक के एक लॉज में ले गए, जहां उसे आराम कराने का प्रयास किया गया। लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत और अधिक खराब हो गई तथा वह बेहोश हो गया।
इसके बाद परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर सहित आवश्यक प्रयास किए, मगर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार युवक को बंजी जंपिंग के तुरंत बाद पेट दर्द और सांस लेने में गंभीर दिक्कत की शिकायत हुई थी। प्रारंभिक तौर पर सिंकोप अटैक या हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
वहीं, थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस घटना से संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।
