हरिद्वार: लक्सर के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद दोनों शवों को मंदिर से सटे जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई और दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले की जांच तेज कर दी गई है, जबकि मंदिर का मुख्य पुजारी घटना के बाद से फरार है।

जानकारी के मुताबिक, मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को सूचना दी कि मंदिर में रहने वाले दो साधु काफी समय से दिखाई नहीं दे रहे हैं। अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में एक संदिग्ध स्थान की खुदाई की गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को गड्ढे में दफना दिया था। घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच टीम को हर पहलू पर गंभीरता से पड़ताल करने के निर्देश दिए।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि दो साधुओं की हत्या कर शवों को गड्ढा खोदकर दबाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। घटना के बाद से उसके लापता होने के कारण संदेह और गहरा गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *