रायपुर: विष्णुलोक कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती समेत तीन लोगों की हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार को घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग पहुंचे। किसी के चेहरे पर अपनों को खोने का गम था तो किसी में इस जघन्य वारदात को लेकर गुस्सा और कई सवाल नजर आए। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का सबसे बड़ा सवाल यही रहा कि आखिर शांत माने जाने वाले इलाके में इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई।

कपूर दंपती के व्यवहार की लोगों ने की तारीफ
घटनास्थल पर पहुंचीं स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कपूर दंपती का आसपास के लोगों के साथ व्यवहार हमेशा अच्छा रहा। लंबे समय से उनके घर में घरेलू काम करने वाली महिलाओं के मुताबिक परिवार के लोगों के साथ उनके मधुर संबंध थे।
ऐसे में घर में लंबे समय से प्लंबिंग का काम करने वाले आरोपी राजकुमार पर हत्या का आरोप सामने आने से स्थानीय लोग हैरान हैं। महिलाओं का कहना था कि काम के सिलसिले में घरों में आने-जाने वाले लोगों पर परिवार अक्सर भरोसा करते हैं, लेकिन इस घटना के बाद लोगों के मन में घर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
आरोपी को परिवार की दिनचर्या की जानकारी होने की चर्चा
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच वारदात को लेकर कई तरह के सवाल उठते रहे। स्थानीय लोगों का कहना था कि आरोपी को परिवार के बारे में काफी जानकारी थी। उसे घर के माहौल और परिवार के सदस्यों की दिनचर्या की जानकारी होने की बात सामने आ रही है।
लोगों का मानना है कि इसी भरोसे और जानकारी का फायदा उठाकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और वारदात के पूरे घटनाक्रम का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
तीन हत्याओं से टूटा सुरक्षित कॉलोनी का भरोसा
पड़ोसियों के मुताबिक विष्णुलोक कॉलोनी को लंबे समय से शांत और सुरक्षित इलाका माना जाता रहा है। यहां रहने वाले लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होते रहे हैं। ऐसे में एक ही घटना में तीन लोगों की हत्या से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
लोगों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वारदात की सच्चाई सामने लाने और दोषी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बुजुर्ग बोले- पुलिस बढ़ाए गश्त
घटना की जानकारी मिलने के बाद रायपुर क्षेत्र के कई बुजुर्ग भी विष्णुलोक कॉलोनी पहुंचे। बुजुर्ग गबर सिंह ने कहा कि इस इलाके में पहले इस तरह की घटनाएं नहीं होती थीं। उन्होंने कहा कि आरोपी ने जिस तरह का दुस्साहस किया है, उसके लिए उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।
गबर सिंह ने पुलिस से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके।

