देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मामले में बीएसएफ के एक जवान पर महिला को कथित रूप से जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी जवान ने भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतका के पति की शिकायत पर डोईवाला कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जवान की पत्नी ने सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन साझा की और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा स्वयं भी जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची।

पुलिस को कमरे में 38 वर्षीय बीएसएफ जवान, निवासी मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन), अचेत अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला, निवासी गूलरघाटी (नकरौंदा), मृत पाई गई।

आरोपी फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं

पुलिस ने घायल जवान को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति अभी स्थिर नहीं है और वह बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

प्रेम संबंध को लेकर विवाद की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि बीएसएफ जवान और महिला के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि जवान छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था और पिछले दो दिनों से महिला के साथ संबंधित होमस्टे में ठहरा हुआ था।

मृतका के पति ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि दोनों के बीच चल रहे प्रेम संबंध को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने महिला को कथित रूप से जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में खुद भी जहर खा लिया।

फॉरेंसिक जांच जारी

घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का बयान

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी का उपचार दून अस्पताल में चल रहा है और फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *