खटीमा/उधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के दौरे के दौरान सीमांत क्षेत्रों के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को दोहराया। उन्होंने दूरस्थ ग्राम बग्गा 54 में आयोजित ‘मुख्य सेवक जनसंवाद’ कार्यक्रम में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

ग्रामीणों द्वारा राजस्व ग्राम का दर्जा और भूमि अधिकारों की मांग उठाए जाने पर सीएम धामी ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही ठोस निर्णय लिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की यह पहल देश के लिए मिसाल बनेगी। उन्होंने नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए बताया कि इस सख्त कानून के चलते 100 से अधिक नकल माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इसके साथ ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गदरपुर में खेल आयोजन की तैयारियों की समीक्षा:
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गदरपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों की सुविधाएं, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई और चिकित्सा सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान पूर्व मंत्री अरविंद पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे।

रुद्रपुर में सरकार की उपलब्धियों पर प्रेस वार्ता:
रुद्रपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय के तहत सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं को साझा किया।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *