लालकुआं/हल्द्वानी, उत्तराखंड: हल्द्वानी में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में संचालित अवैध देह व्यापार के एक संदिग्ध नेटवर्क का खुलासा किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और स्थानीय कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक लग्जरी स्पा सेंटर पर छापा मारकर महिला मैनेजर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित स्पा सेंटर में गुप्त सूचनाओं के आधार पर औचक छापेमारी की गई। मौके पर पहुंची टीम को परिसर के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियों के संकेत मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने दो एंट्री रजिस्टर, 4,320 रुपये नकद और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की।
मैनेजर समेत चार लोग हिरासत में
कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर की महिला मैनेजर, एक सहयोगी और दो ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य आरोपी फरार, पुलिस अलर्ट
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का संचालक पुलिस की पकड़ से बच निकला। पुलिस ने उसे नामजद करते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रेस्क्यू युवतियों को भेजा गया वन स्टॉप सेंटर
मौके से रेस्क्यू की गई छह युवतियों को प्रारंभिक काउंसलिंग के बाद मुखानी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बाद में उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
तीर्थ यात्रा पर आए युवक भी गिरफ्तार
जांच में यह बात सामने आई है कि गिरफ्तार दो युवक उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम दर्शन के लिए आए थे और हल्द्वानी में ठहरे हुए थे। इसी दौरान वे स्पा सेंटर पहुंचे, जहां पुलिस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए।
पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस स्पा सेंटर के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें दर्ज की जा चुकी थीं। लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद ही इस संयुक्त छापेमारी की योजना बनाई गई।
बड़े नेटवर्क की जांच जारी
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि इस रैकेट के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। उन्होंने संकेत दिए कि जांच में नए खुलासे और और गिरफ्तारियां संभव हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार संचालक की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
