सितारगंज। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर सितारगंज में महाराणा प्रताप अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आदर्शों और त्याग को स्मरण किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की मातृशक्ति, युवा वर्ग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल पर देशभक्ति और सांस्कृतिक उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध झलक प्रस्तुत की।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की अमर प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने युवाओं से महाराणा प्रताप के विचारों और त्याग को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए हमें अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेते हुए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने मंत्री सौरभ बहुगुणा का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

