DSAT Scholarship Ad

त्योहारों के नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से की जाने वाली चेकिंग को लेकर देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल ने विरोध जताया है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। इस समस्या को लेकर संगठन ने मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की।

नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले व्यापारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान दुकानदार बैंक से ऋण लेकर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों का स्टॉक तैयार करते हैं। ऐसे में बिना ठोस प्रमाण मिठाइयों की गुणवत्ता पर सवाल उठाना और चेकिंग के नाम पर व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से व्यापारियों के बीच भय का माहौल बनता है और उनके कारोबार पर भी असर पड़ता है।

नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू और जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने दावा किया कि अल्मोड़ा में अब तक नकली खोया या पनीर से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय इस तरह की कार्रवाई से स्थानीय व्यापार को नुकसान पहुंच सकता है। व्यापार मंडल ने विभाग की जांच व्यवस्था और उपकरणों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाए।

व्यापारियों ने मांग की कि नकली खोया और पनीर की आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए लोधिया बैरियर तथा जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वालों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, न कि स्थानीय दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाए।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला महामंत्री संगठन निकेश उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष मदन रावत, हिमांशु बिष्ट, जिला संगठन मंत्री हरि कृष्ण खत्री, नीरज थापा बिट्टू, जिला संयुक्त महामंत्री नमन गुरुरानी, सुधीर गुप्ता, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, लोधिया व्यापार मंडल अध्यक्ष पूरन लटवाल, मनोज लटवाल, किशन नेगी, हरीश जोशी, संजय बिष्ट, धीरज खोलिया और गोविंद रावत सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *