DSAT Scholarship Ad

आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से की जाने वाली जांच को लेकर देवभूमि उद्योग नगर व्यापार मंडल ने आपत्ति जताई है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि त्योहारों के दौरान चेकिंग के नाम पर दुकानदारों को परेशान किया जाता है, जिससे उनके बीच भय का माहौल बनता है। इस संबंध में व्यापार मंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।

नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान दुकानदार बैंक से ऋण लेकर मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों का स्टॉक तैयार करते हैं। ऐसे में बिना ठोस सबूत मिठाइयों की गुणवत्ता पर संदेह जताना और जांच के नाम पर कार्रवाई करना व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बनता है।

नगर अध्यक्ष संजय साह रिक्खू और जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने दावा किया कि अल्मोड़ा में अब तक नकली खोया या पनीर का कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से स्थानीय व्यापार प्रभावित होता है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

व्यापार मंडल ने खाद्य सुरक्षा विभाग के पास जांच उपकरणों की कमी का मुद्दा भी उठाया। संगठन की मांग है कि नकली खोया और पनीर की आपूर्ति रोकने के लिए लोधिया बैरियर सहित जिले की सीमाओं पर सघन जांच अभियान चलाया जाए। व्यापारियों ने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वालों और इसके लिए जिम्मेदार मुख्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, जबकि स्थानीय दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री संगठन निकेश उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष मदन रावत, हिमांशु बिष्ट, जिला संगठन मंत्री हरि कृष्ण खत्री, नीरज थापा बिट्टू, जिला संयुक्त महामंत्री नमन गुरुरानी, सुधीर गुप्ता, जिला महामंत्री हिमांशु कांडपाल, लोधिया व्यापार मंडल अध्यक्ष पूरन लटवाल, मनोज लटवाल, किशन नेगी, हरीश जोशी, संजय बिष्ट, धीरज खोलिया और गोविंद रावत सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *