रुद्रपुर। शहर के विशाल मेगामार्ट के सामने स्थित भगवान परशुराम चौक को जनहित में खोले जाने अथवा वहां फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किए जाने की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने छात्र नेताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा से मुलाकात कर क्षेत्र की जनता की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में मांग की गई कि भगवान परशुराम चौक को यातायात और पुलिस नियमों के अनुरूप खोला जाए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। यदि चौक को खोलना संभव न हो तो वहां पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए।
राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भगवान परशुराम चौक क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। प्रतिदिन करीब 6 से 8 हजार से अधिक लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं। चौक बंद होने के कारण स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और राहगीरों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और संसाधनों की भी बर्बादी हो रही है।

उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। ठुकराल ने कहा कि यह मुद्दा सीधे तौर पर आम जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसका जल्द समाधान किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए मांग का समर्थन किया।
