DSAT Scholarship Ad

पश्चिमी दिल्ली के ख्याला में 28 वर्षीय महिला ने अपनी छह दिन की नवजात बेटी की हत्या कर दी और शव को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) विचित्र वीर ने बताया कि महिला ने पूछताछ में कहा कि समाज के दबाव के कारण उसने ऐसा कदम उठाया।

नई दिल्ली : पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में एक 28 वर्षीय महिला ने अपनी छह दिन की बेटी की हत्या कर दी और शव को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने पहले ही तीन बेटियां जन्म दी हैं और चौथी बार बेटी होने पर समाज के तानों से परेशान होकर यह कदम उठाया।

6 दिन से लापता बच्ची की हत्या का खुलासा

शुक्रवार सुबह पुलिस को एक छह दिन की बच्ची के लापता होने की सूचना मिली। जब पुलिस ने बच्ची की मां, शिवानी से पूछताछ की, तो उसने बताया कि बच्ची रात को गायब हो गई जबकि वह अपने मायके में थी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और घरों की तलाशी ली, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान, शिवानी ने अस्पताल जाकर टांके कटवाने की बात की, जिससे पुलिस को शक हुआ, लेकिन उसने उसे जाने दिया।

पड़ोसी की छत पर मिला लापता बच्ची का शव

तलाशी के दौरान पुलिस को पास के मकान की छत पर एक बैग मिला, जिसमें छह दिन की बच्ची का शव था। बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मां, शिवानी को अस्पताल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में शिवानी ने स्वीकार किया कि समाज के तानों से परेशान होकर उसने अपनी बेटी की हत्या की। उसकी पहले से तीन बेटियां थीं, जिनमें से दो की मौत हो चुकी थी।

शिवानी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी नवजात बेटी को दूध पिला रही थी और समाज के तानों को सोचते-सोचते परेशान हो गई। इसी गुस्से में उसने अपनी बेटी का गला घोंट दिया और शव को पड़ोसी की छत पर फेंक दिया। झूठी कहानी बनाकर उसने अपने परिवार को बच्ची के लापता होने की बात बताई। पुलिस ने शिवानी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अब बच्ची की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत का सही कारण पता चल सके।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *