देहरादून। उत्तराखंड में मानसूनी गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। इसके साथ ही प्रदेश के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते रातें ठंडी होने लगी हैं।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार सुबह से ही मौसम साफ रहा और चटक धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दून में दिन गर्म, रात ठंडी
शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। पहाड़ों में ठंडी हवाओं के साथ तापमान गिरने से सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है।
25 से 30 सितंबर के बीच विदा हो सकता है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। 25 सितंबर तक कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।
वहीं, उत्तराखंड से मानसून की विदाई 25 से 30 सितंबर के बीच होने की संभावना जताई गई है। हालांकि सितंबर के बाकी दिनों में कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के कारण मौसम के आंकड़ों में बदलाव संभव है।
बागेश्वर में सामान्य से 161 फीसदी ज्यादा बारिश
इस मानसून सीजन में उत्तराखंड में बारिश का वितरण एक समान नहीं रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 18 सितंबर सुबह 8:30 बजे तक प्रदेश में औसतन 1159.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सामान्य बारिश 1118.4 मिलीमीटर के मुकाबले यह करीब चार फीसदी अधिक है।
जिलेवार आंकड़ों में सबसे ज्यादा बारिश बागेश्वर में दर्ज की गई। यहां सामान्य 758.9 मिलीमीटर के मुकाबले 1982.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 161 फीसदी अधिक है।
इसके अलावा अल्मोड़ा में 27 फीसदी, चमोली में 69 फीसदी, टिहरी में 28 फीसदी और हरिद्वार में 14 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई।
पौड़ी में सामान्य से 45 फीसदी कम बारिश
दूसरी ओर पौड़ी गढ़वाल में बारिश की कमी सबसे ज्यादा रही। यहां सामान्य 1226.6 मिलीमीटर के मुकाबले सिर्फ 675.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, यानी सामान्य से 45 फीसदी कम।
इसके अलावा चंपावत में 26 फीसदी, नैनीताल में 20 फीसदी, उत्तरकाशी में 14 फीसदी, रुद्रप्रयाग में 7 फीसदी और देहरादून में 3 फीसदी कम बारिश हुई।
पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में बारिश सामान्य के आसपास रही।
सितंबर के बाकी दिनों में क्या रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के शेष दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में मानसून की विदाई से पहले बारिश के आंकड़ों में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
कुल मिलाकर प्रदेश में मानसून सामान्य से थोड़ा अधिक रहा, लेकिन जिलावार बारिश के आंकड़ों में काफी बड़ा अंतर देखने को मिला।
