ऋषिकेश: शिवपुरी पुलिस चौकी में तैनात चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की ड्यूटी से लौटते समय हुए सड़क हादसे में दुखद मृत्यु हो गई। इस घटना से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

हादसे के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास घमंडपुर, रानीपोखरी लाया गया। घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। माता-पिता, पत्नी और बच्चों के आंसुओं ने माहौल को गमगीन कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। वहीं, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने भी दिवंगत चौकी प्रभारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार के लिए पूर्णानंद घाट, ऋषिकेश ले जाया गया।
विनोद शर्मा की असामयिक मृत्यु से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और पुलिस महकमे को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
