देहरादून: राजधानी के पटेलनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब एक सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां बैठे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।

घटना लालपुल के पास की है। आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही बस अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदते हुए एक होटल के गेट तक जा पहुंची।
हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके के पास ही मौत हो गई। वहीं संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर रोज की तरह काम का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस अचानक उनकी ओर मुड़ी और देखते ही देखते सभी उसकी चपेट में आ गए। बस के होटल के गेट पर रुकने से बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और बस को भी कब्जे में लिया गया है। चालक का इलाज भी कराया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। एंबुलेंस समय पर न पहुंच पाने के कारण स्थानीय लोगों ने घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो से अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण क्षेत्र में लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया चालक को दौरा पड़ने की बात सामने आई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
