Dehradun : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार को बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम की जान चली गई। नवाबगढ़ की खादर बस्ती में घर के बाहर खेल रहा बच्चा नाली के पाइप में फंस गया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बारिश के दौरान खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नवाबगढ़ की खादर बस्ती निवासी अरमान (6 वर्ष) शनिवार को बारिश के दौरान घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह नाली के लिए लगाए गए करीब 10 इंच चौड़े पाइप में फंस गया।
बच्चे के साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों और स्थानीय लोगों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया और जेसीबी मशीन की सहायता से पाइप को काटकर बच्चे को बाहर निकाला।
आधे घंटे तक चला रेस्क्यू, अस्पताल में तोड़ा दम
करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद मासूम को पाइप से बाहर निकालकर तत्काल उप जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
निर्माण कार्य पर उठे सवाल, जांच की मांग
हादसे के बाद परिजनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन एवं निर्माण एजेंसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल ही में बनी सड़क का ढाल अत्यधिक तीव्र रखा गया है, जिससे बारिश के दौरान नाली में पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है।
ग्रामीणों का दावा है कि तेज बहाव के कारण बच्चा नाली में बहकर पाइप के भीतर फंस गया। उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार
घटना के बाद शोकाकुल परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
विकासनगर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक कुटियाल ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
