रुड़की: हरिद्वार जिले के मंगलौर में कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक शिवभक्त की कांवड़ को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद कांवड़िए आक्रोशित हो उठे और कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित कर लिया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है।

Kanwar Yatra Violence

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना मंगलौर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक ढाबे के पास हुई। जैसे ही कांवड़ खंडित होने की सूचना आसपास मौजूद श्रद्धालुओं तक पहुंची, बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और गुस्साए कांवड़ियों ने कार को घेरकर उस पर हमला कर दिया।

सूचना मिलने पर मंगलौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को बिगड़ने से रोक लिया गया।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष कांवड़ यात्रा से जुड़े बताए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ यात्रा के बीच हुई इस घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

उत्तराखंड में इन दिनों कांवड़ यात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। हरिद्वार से लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन लगातार अलर्ट मोड पर है। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मदद से पूरे यात्रा मार्ग पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *