टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। कण्डीसौड़ तहसील के सांकरी गांव निवासी 21 वर्षीय अग्निवीर सूरज भट्ट ड्यूटी पर लौटते समय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। कई दिनों से उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, सूरज भट्ट दो वर्ष पहले अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में उनकी तैनाती पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में थी। वह 12 जून 2026 को अवकाश पर अपने पैतृक गांव सांकरी आए थे। 16 जून को ड्यूटी पर वापस लौटने के लिए घर से रवाना हुए, लेकिन निर्धारित समय तक अपनी यूनिट नहीं पहुंचे।

जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार ने उनकी यूनिट से संपर्क किया, जहां से जानकारी मिली कि सूरज भट्ट अब तक ड्यूटी पर रिपोर्ट नहीं हुए हैं।

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 27 जून को थाना छाम में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को सूरज भट्ट के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन हिमाचल प्रदेश और दिल्ली क्षेत्र में मिलने की जानकारी मिली है। इसके बाद उनका मोबाइल पूरी तरह स्विच ऑफ हो गया। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), यात्रा मार्ग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य राज्यों की पुलिस और संबंधित एजेंसियों से भी समन्वय किया जा रहा है।

सूरज भट्ट के लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने प्रशासन और पुलिस से जल्द से जल्द उनका पता लगाने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी चिंता व्यक्त करते हुए उनके सकुशल मिलने की कामना की है।

पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को अग्निवीर सूरज भट्ट के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो वह तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या थाना छाम को सूचित करें, ताकि खोज अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *