नैनीताल: होली के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। त्योहार के दौरान जबरन रंग लगाने, राह चलते लोगों से अभद्रता करने या सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए। नशे की हालत में उपद्रव करने वालों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही ड्यूटी में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे और “नो वर्क, नो पे” का प्रावधान लागू रहेगा।

कोतवाली सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में होली की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पिकेटिंग, मोबाइल पेट्रोलिंग और पैदल गश्त को बढ़ा दिया गया है। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष तैनाती की गई है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली को सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *