बाजपुर। उत्तराखंड के बाजपुर में विदेश भेजने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि यूरोप में रोजगार दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूले गए, लेकिन वादे के विपरीत युवकों को दुबई भेज दिया गया। मामले में कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों ने बुधवार को बाजपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई और आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता प्रेमो कौर, निवासी ग्राम इटव्वा, ने बताया कि काशीपुर के एक एजेंट ने उनके परिवार के तीन युवकों को यूरोप भेजकर रोजगार दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि एजेंट ने तय राशि लेने के बाद युवकों को यूरोप भेजने के बजाय दुबई भेज दिया। साथ ही उनके मूल दस्तावेज भी अपने कब्जे में रख लिए।
दस्तावेज मांगने पर धमकी देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब एजेंट से मूल दस्तावेज वापस मांगे गए और पूरे मामले का विरोध किया गया, तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की।
कार्रवाई में देरी पर पुलिस से जताई नाराजगी
प्रेमो कौर के अनुसार, उन्होंने 5 जुलाई को बाजपुर कोतवाली में मामले की लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज होकर बुधवार को वह अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचीं और वहां मौजूद एसआई देवेंद्र मनराल से मामले की प्रगति को लेकर जवाब मांगा। इस दौरान कुछ समय के लिए कोतवाली परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
निष्पक्ष जांच का आश्वासन
मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाल नरेश चौहान मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बलवीर सिंह कालू, महेंद्र सिंह, जसपाल सिंह बिल्लू सहित कई स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मौजूद रहे। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
