देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान दिल्ली निवासी एक पर्यटक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया और कई घंटों की तलाश के बाद पर्यटक का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नौथ राम (करीब 50 वर्ष), निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। वह सहस्त्रधारा में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक पानी के तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने से बह गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
एसडीआरएफ ने चलाया सघन सर्च अभियान
आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद सहस्त्रधारा स्थित एसडीआरएफ टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने परिजनों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद नदी के बहाव वाले क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ जवानों ने सहस्त्रधारा झरने से करीब दो किलोमीटर दूर पांडव वाला पुल के पास शव बरामद किया।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
बारिश के मौसम में बढ़ जाता है खतरा
सहस्त्रधारा देहरादून के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि मानसून के दौरान नदी-नालों और झरनों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है।
प्रशासन और पुलिस लगातार पर्यटकों से अपील करते हैं कि वे बारिश के मौसम में जलस्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में उतरने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
