देहरादून: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार हरियाणा नंबर की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मणिमाई मंदिर के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। हरियाणा नंबर की कार देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। मणिमाई मंदिर के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हुई और हाईवे किनारे खड़ी यूटिलिटी से टकरा गई।
कार में कुल सात लोग सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही हर्रावाला पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद लौट रहे थे
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, कार सवार सभी लोग हरियाणा से मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे थे। बुधवार सुबह वे देहरादून के टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी को हरिद्वार होते हुए हरियाणा लौटना था।
घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि रास्ते में कार चालक सोमपाल को नींद आने लगी थी। यात्रियों ने उसे कई बार सावधानी से वाहन चलाने के लिए कहा था। इसके बावजूद कुछ देर बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से जा भिड़ी।
चार लोगों की मौत, तीन घायल
हादसे में नरेश (42), विनोद (40), सोमपाल और एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं विपेंद्र सिंह (35), लाला (35) और एक अन्य व्यक्ति घायल बताए गए हैं। सभी मृतक और घायल हरियाणा के रोहतक क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। एक मृतक और एक घायल की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
घायलों को तीन अस्पतालों में कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें सीएचसी डोईवाला, कैलाश अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों को हादसे की सूचना दी जा रही है।
नींद आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में कार चालक को नींद आने की बात सामने आई है। घायल विपेंद्र सिंह के बयान के आधार पर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस कार की गति और सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
