देहरादून: राजधानी देहरादून में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक के अचानक अनियंत्रित होने के बाद वह एक्सप्रेसवे के पैराफिट से टकराकर सड़क पर काम कर रहे मजदूर के ऊपर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक देहरादून की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है। ब्रेक फेल होने के बाद चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन बेकाबू होकर एक्सप्रेसवे के पैराफिट से जा टकराया।
टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ब्रेक फेल होने को दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
