काशीपुर: प्रतापपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा करीब सुबह 8 बजे हुआ। टक्कर के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार प्रतापपुर के पास सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए वाहन और चालक की तलाश में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
