देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून स्थित यूपीईएस (University of Petroleum and Energy Studies) की कुलपति डॉ. वीना दत्ता को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीयूष शर्मा नामक व्यक्ति ने एक छात्रा के शैक्षणिक मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश की और फोन व व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरे संदेश भेजे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में कुलपति डॉ. वीना दत्ता ने बताया कि पीयूष शर्मा नामक व्यक्ति लगातार उन्हें और विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारियों को धमकी दे रहा है। शिकायत के अनुसार, वह विश्वविद्यालय में अध्ययनरत एक छात्रा के मामले को लेकर हस्तक्षेप कर रहा है, जबकि उसका छात्रा के साथ अभिभावक या अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने विश्वविद्यालय अधिकारियों से बार-बार संपर्क कर धमकीपूर्ण फोन कॉल किए और उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया। इसके अलावा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मनीष मदान को भी व्हाट्सएप पर कथित रूप से धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजे गए। इन संदेशों में गंभीर चेतावनियां दी गईं और कथित तौर पर यह भी कहा गया कि “यदि दो-तीन लोग खत्म भी हो जाएं, तो कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।”
प्रेमनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर ने बताया कि संबंधित छात्रा पांच विषयों में अनुत्तीर्ण (बैक) हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी मुद्दे को लेकर आरोपी विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बना रहा था।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच में जिन फोन नंबरों से धमकी भरे कॉल किए गए, वे चीन से संचालित होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, इस पहलू की विस्तृत जांच जारी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से कुलपति सहित अन्य अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पीयूष शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
