रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर: रुद्रपुर कोतवाली में सोमवार को वाल्मीकि समाज के हंगामे और प्रदर्शन के बाद बुधवार को भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कोतवाली परिसर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बाहरी जिलों से पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी के जवान भी बुलाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने तैनात जवानों को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली के आसपास बढ़ाई गई निगरानी
कोतवाली के मुख्य गेट, आसपास के मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी करती रहीं। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी संभावित प्रदर्शन या भीड़ की स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित किया जा सके।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील नहीं दी जा रही है।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने कहा कि पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अभिषेक मामले की जांच में वायरल वीडियो भी अहम
इधर, काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से घायल स्कूटी सवार अभिषेक वाल्मीकि की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका उपचार बरेली के भोजीपुरा स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
मामले में मुख्य आरोपी सन्नी चुघ की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को भी जांच में शामिल किया है।
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो में कई लोग दिखाई दे रहे हैं, लेकिन केवल वीडियो में नजर आने के आधार पर किसी को आरोपी नहीं माना जाएगा। पहले संबंधित व्यक्ति की पहचान और घटना में उसकी भूमिका की पुष्टि की जाएगी।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को मिलाकर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विधायक शिव अरोरा ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
गंभीर रूप से घायल अभिषेक का हाल जानने के लिए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा बरेली अस्पताल पहुंचे। उन्होंने उपचार कर रहे डॉ. हर्षित अग्रवाल से अभिषेक की स्वास्थ्य स्थिति और आगे के उपचार की जानकारी ली।
विधायक ने अस्पताल के सुपरिटेंडेंट कर्नल आरपी सिंह से भी बातचीत कर अभिषेक को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अरोरा ने कहा कि उपचार में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव मदद की जाएगी।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी अस्पताल पहुंचे
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी अस्पताल पहुंचकर अभिषेक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों से अभिषेक के उपचार के संबंध में जानकारी ली।
ठुकराल ने कहा कि अभिषेक के जल्द स्वस्थ होने के लिए पूरा रुद्रपुर प्रार्थना कर रहा है और उसके बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए।
